सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा में गुरुवार को एक मिट्टी से भरा डंपर पलट गया। जिससे ड्राइवर केबिन एवं जमीन के बीच दब गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने ड्राइवर को बाहर निकाला। जिसे बाद में एंबुलेंस से चौथ का बरवाड़ा सीएचसी पहुंचाया गया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सवाई माधोपुर रेफर कर दिया गया। मामला डिडायच मार्ग पर गुणशीला गांव के पास का है। बाइक को बचाते समय पलटा डंपर ग्रामीणों एवं पुलिस ने बताया कि रेलवे लाइन के दोहरीकरण का कार्य चलने के कारण डिडायच गांव के पास से मिट्टी से भरे डंपर निकल रहे हैं। इनमें से अधिकतर डंपर ओवरलोड होते हैं। गुरुवार दोपहर में चौथ का बरवाड़ा की ओर जाते हुए गुणशीला गांव के पास मिट्टी से भरा एक डंपर पलट गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सामने से एक बाइक आ रही थी। जिसे बचाने के प्रयास में घुमाव पर यह पलट गया। जिसके नीचे दबने से ड्राइवर धर्मेंद्र पुत्र जुगल निवासी सेवर जिला भरतपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। काफी देर तक तो चालक अंदर ही फंसा रहा। बाद में लोगों ने जैसे तैसे उसे बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि घायल को उपचार के लिए सवाई माधोपुर रेफर किया गया है। चालक के काफी चोटें आई है तथा उसकी हालात गंभीर बनी हुई है।