सवाई माधोपुर शहर में मंगलवार देर शाम रावण दहन के साथ तीन दिवसीय दशहरा मेले की शुरुआत हुई। खेल स्टेडियम में रावण दहन के बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में हरियाणवी गीतों का रंग छाया रहा। प्रसिद्ध हरियाणवी कलाकार अजय हुड्डा और काजल गौरी ने अपनी प्रस्तुतियों से हजारों दर्शकों का मन मोह लिया। देर शाम तक दशहरा मैदान में उत्साह और मनोरंजन का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा भी मौजूद रहे। ‘ठाडा भरतार’ और ‘सॉलिड बॉडी’ पर झूमे दर्शक सांस्कृतिक संध्या में अजय हुड्डा ने अपने चर्चित हरियाणवी गीतों की प्रस्तुतियां दीं। उनके गीत ‘ठाडा भरतार’, ‘सॉलिड बॉडी’ और ‘लांबा-लांबा घूंघट’ पर दर्शकों में खास उत्साह देखने को मिला। गीतों की धुन शुरू होते ही दर्शक झूमने लगे और तालियों की गूंज से पूरा मैदान गूंज उठा। वहीं, काजल गौरी ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने भी सांस्कृतिक संध्या का आनंद लिया। हरियाणवी संगीत और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मेले में पहुंचे लोगों का उत्साह बढ़ाया। खासकर युवा दर्शकों में कलाकारों को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आया। भीड़ नियंत्रित करने में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत दशहरा मेले की सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों को देखने और उनके गीत सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। बड़ी तादाद में दर्शकों के उमड़ने से मैदान में काफी भीड़ रही। भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बावजूद दर्शकों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह बना रहा। रावण दहन के साथ शुरू हुए तीन दिवसीय दशहरा मेले के पहले दिन सांस्कृतिक संध्या आकर्षण का केंद्र रही। हरियाणवी गीतों, संगीत और मनोरंजन से सजी इस शाम ने मेले में पहुंचे लोगों का खूब मनोरंजन किया।