सवाई माधोपुर में मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश के खिलाफ सीमेंट फैक्ट्री कॉलोनी के मकानों में रहने वाले परिवारों ने प्रदर्शन किया। साहू नगर स्थित सीमेंट फैक्ट्री कॉलोनी से जुलूस के रूप में बड़ी संख्या में मजदूर मुख्य बाजार होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और नारेबाजी की। इसके बाद एडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। मजदूरों के परिजन बोले- उनके पास वैध आईडी है प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन में बताया कि सीमेंट फैक्ट्री के मकानों पर मालिकाना हक यहां रह रहे मजदूरों और उनके परिवारों का है, जो पिछले पचास सालों से इन मकानों में रहकर इनकी देखभाल और मरम्मत करवा रहे है। इन सभी लोगों के पास सभी वैध आईडी और एड्रेस प्रूफ है। साथ ही राज्य सरकार का अलॉटमेंट लेटर है, जिसमे ये मकान साल 2007 में ही उनके नाम कर दिए गए थे। जिस पर तत्कालीन समय के सीमेंट फैक्ट्री मैनेजमेंट जीडीसीएल ने सुप्रीम कोर्ट को गुमराह करके मजदूर यूनियन की मदद से गलत तथ्य पेश करते हुए स्टे ले लिया था। कृषि मंत्री बोले- हम हक की लड़ाई में आपके साथ प्रदर्शनकारी मजदूरों को कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने मोबाइल फोन पर संबोधित किया। उन्होंने लाउडस्पीकर पर कहा कि आपकी इस सच्चाई और हक की लड़ाई में हम आपके साथ है। किसी भी मजदूर को परेशान होने की जरूरत नहीं है। जल्द मामले में सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई जाएगी। कृषि मंत्री ने कहा कि यह मकान आपके थे और आपके ही रहेंगे। इसके पूरे सबूत और प्रमाण हमारे पास है। इस मौके पर शशांक सारस्वत, पल्लव परीक, प्रशांक, संजय, अनिल शर्मा, प्यारे लाल, मोनी भाई, गफ़ूर ख़ान और हजारों कॉलोनीवासी जुलूस में शामिल रहे।