सवाई माधोपुर में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' विषय पर बात करते समय कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा- कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल फैला रही है। एक निजी होटल में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पहली बार देखने को मिल रहा है कि आंदोलनकारी सुप्रीम कोर्ट और प्रधानमंत्री निवास के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध प्रदर्शन की भी अपनी मर्यादाएं और सीमाएं होती हैं। SIR के मुद्दे पर बोलते हुए डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कोई नई प्रक्रिया नहीं है। कांग्रेस के शासनकाल में भी कई बार एसआईआर की प्रक्रिया अपनाई गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन मतदाताओं की मौत हो चुकी है या जो बांग्लादेशी नागरिक हैं, उनके नाम मतदाता सूची में बने रहने चाहिए क्या? उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाए रखने के लिए ऐसे नामों को हटाना बेहद जरूरी है। वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा वहीं, वोट चोरी के आरोपों को लेकर भी डॉ. मीणा ने विपक्ष पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में वोट चोरी हो रही है तो फिर सवाई माधोपुर से भाजपा के चुनाव जीतने के बावजूद बामनवास से कांग्रेस की इंदिरा मीणा कैसे चुनाव जीत गईं? इसी तरह गंगापुर सिटी से कांग्रेस के रामकेश मीणा की जीत पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए विपक्ष के आरोपों को निराधार बताया। हनुमान बेनीवाल के आरोपों पर भी बोले राजस्थान में अकाल की स्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर कृषि मंत्री ने बताया कि प्रदेश के कुछ जिलों की चुनिंदा तहसीलों को अकालग्रस्त घोषित किया गया है। पंचायत राज चुनाव पूरे होने के बाद आपदा राहत कार्यों को प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक अनुमति लेकर कार्यवाही की जाएगी। वहीं, हनुमान बेनीवाल के जरिए लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. मीणा ने कहा कि उनके आरोपों में कोई दम नहीं है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार लगातार जनता के हित में काम कर रही है।