सवाई माधोपुर नगर परिषद क्षेत्र में स्थित लटिया नाले के जल्द हालात सुधर सकते हैं। इसे लेकर जल संसाधन विभाग की ओर से काम भी शुरू कर दिया गया है। हाल ही में संसाधन खंड सवाई माधोपुर की टीम द्वारा लटिया नाला के हेड रीच राजबाग से ठिंगला तक का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित नाला सुधार एवं सुरक्षा दीवार निर्माण कार्यों के संबंध में आवश्यक तकनीकी सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया। जल्द बनेगी कार्य योजना अधिशासी इंजीनियर अरुण शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, जल प्रवाह की दिशा, संभावित जोखिम क्षेत्रों तथा पूर्व में आई बाढ़ की परिस्थितियों का आकलन करते हुए प्रभावी समाधान हेतु कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान सहायक इंजीनियर धीरज मीना, कनिष्ठ अभियंता मनोज एवं रोहित भी उपस्थित रहे। लटिया नाले पर बनेगी सुरक्षा दीवार Xen अरूण कुमार ने बताया कि प्रस्तावित नाला सुरक्षा दीवार एवं अन्य संरचनात्मक कार्यों के माध्यम से जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। जिससे भविष्य में बाढ़ की स्थिति को नियंत्रित कर आसपास के आबादी क्षेत्र एवं कृषि भूमि को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि तकनीकी मापदंडों के अनुरूप विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन शीघ्र तैयार कर कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ किया जाए। उल्लेखनीय है कि जिले में विगत वर्षों में बरसात के दौरान लटिया नाला क्षेत्र में उत्पन्न बाढ़ की परिस्थितियां पैदा हो गई थी। जिसको ध्यान में रखते हुए जल संसाधन खंड सवाई माधोपुर की टीम ने रविवार शाम को लटिया नाले के हेड रीच राजबाग से ठींगला तक का विस्तृत निरीक्षण किया गया है।