सवाई माधोपुर जिले की मानटाउन थाना पुलिस ने साइबर अपराध के एक मामले में 3 महीने से अधिक समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी अभिषेक महावर उर्फ ईशु को जयपुर से डिटेन किया। जिसे पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया। मानटाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी अभिषेक महावर उर्फ ईशु (25) निवासी आदर्श नगर-बी, मानटाउन को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 319(2), 318(4), 61(2)(ए) तथा आईटी एक्ट की धारा 66-डी के तहत मामला दर्ज है। अकाउंट से साइबर ठगी की रकम इधर-उधर करता था थानाधिकारी ने बताया कि इस मामले में पहले ही पवन महावर (22) को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में सामने आया कि अभिषेक पवन के बैंक खाते का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त रकम को इकट्ठा और ट्रांसफर के लिए करता था। इसके बदले वह कमीशन भी देता था। यह खाता साइबर अपराधियों के लिए म्यूल अकाउंट (Mule Account) के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाता था पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को मोबाइल कॉल, वॉट्सऐप और सोशल मीडिया के माध्यम से डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस, सीबीआई और ईडी अधिकारी बनकर डराते थे। इसके अलावा सर्विस चार्ज, जीएसटी, लोन कवर, मनी हेल्प सहित अन्य झूठे बहानों से लोगों को झांसे में लेकर उनसे ऑनलाइन रकम विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कराते थे। इस बैंक खाते से जुड़े मामलों में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दो शिकायतें भी दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर सायबर ठगी के नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के संबंध में जांच कर रही है।