सवाई माधोपुर नगर परिषद सभापति चुनाव को लेकर शुक्रवार को नामांकन वापसी की आखिरी तारीख थी, लेकिन किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया। ऐसे में अब सभापति पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होगा। नगर परिषद के रिटर्निंग ऑफिसर मांगीलाल ने बताया- सभापति पद के लिए भाजपा की ओर से वार्ड नंबर 56 की पार्षद मेवा चौधरी ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर 6 के पार्षद शैलेंद्र चौधरी ने नामांकन भरा है। नामांकन दाखिल होने के बाद दोनों प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच की गई थी। जांच में नामांकन सही पाए जाने के बाद शुक्रवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हुई। नामांकन वापसी की निर्धारित अवधि समाप्त होने तक किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया। इसके बाद अब दोनों प्रत्याशी सभापति पद के लिए चुनाव मैदान में आमने-सामने हैं। भाजपा के पास पूर्ण बहुमत नगर परिषद के चुनाव परिणामों के अनुसार, भाजपा के 33 पार्षद, कांग्रेस के 18 पार्षद और 9 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए हैं। इस लिहाज से भाजपा के पास बहुमत का आंकड़ा मौजूद है। हालांकि सभापति चुनाव में पार्षदों के मतदान के बाद ही अंतिम परिणाम सामने आएगा। नामांकन वापसी के बाद दोनों दलों ने अपने-अपने पार्षदों को एकजुट रखने की कवायद तेज कर दी है। भाजपा के पास बहुमत होने के कारण उसके प्रत्याशी की स्थिति मजबूत है, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी के सामने अपने पक्ष में पर्याप्त समर्थन जुटाने की चुनौती होगी।