सवाई माधोपुर नगर परिषद में भाजपा के मेवा चौधरी सभापति पद पर निर्वाचित हुई हैं। घोषणा होते हुए चौधरी के समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर डांस किया और जश्न मनाया। मेवा चौधरी के पक्ष में 43 वोट मिले हैं। कांग्रेस को 15 वोट मिले। जबकि दो पार्षदों ने मतदान ही नहीं किया। यहां भाजपा और कांग्रेस में कड़ी टक्कर मानी जा रही थी। कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर 6 के पार्षद शैलेंद्र चौधरी और भाजपा की ओर से वार्ड नंबर 56 की पार्षद मेवा चौधरी ने सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। इससे पहले सभापति पद के लिए मतदान आज सुबह 10 बजे से शुरू हुआ। मतदान से पहले भाजपा के सभी पार्षदों को निर्वाचन की शपथ दिलाई गई। भाजपा के पार्षद मतदान केंद्र पर सुबह 10 बजे से पहले ही पहुंचने लगे थे। इसके बाद भाजपा के पार्षदों ने वोटिंग की। भाजपा की ओर से पहला वोट पार्षद महेश कलोशिया ने डाला। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर पुलिस जाब्ता भी बड़ी संख्या में तैनात किया गया है। नगर परिषद में उपसभापति पद के लिए 22 सितंबर को चुनाव होगा। देखें जिले का पूरा रिजल्ट..