सवाईमाधोपुर में एनीकट में नहाते समय गहरे पानी में डूबने से भाई-बहन की मौत हो गई। भाई को डूबते देख बचाने के लिए बहन प्रियंका पानी में उतरी थी। सूचना मिलने पर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम पहुंची। दोनों बच्चों को बाहर निकालकर जिला हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसा बुधवार सुबह करीब 9.30 बजे नया गांव बालाजी के पास हुआ। भाई को डूबता देख बचाने के लिए पानी में उतरी बहन कोतवाली थाना एएसआई हुकुम चंद ने बताया - नया गांव बालाजी के पास रामविलास मोगिया के बच्चे टोनी (6) और उसकी बहन प्रियंका (9) घर के पास दूसरे बच्चों के साथ खेल रहे थे। इस दौरान बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे टोनी एनीकट में नहाने के लिए उतर गया और गहरे पानी में चला गया। भाई को डूबता देख प्रियंका उसे बचाने के लिए पानी में उतरी, लेकिन वह भी गहरे पानी में डूब गई। घटना के बाद साथ में खेल रहे दूसरे बच्चों ने घरवालों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। बच्चों को बचाने के लिए स्थानीय लोग पानी में कूद गए, लेकिन काफी देर तक तलाश करने के बाद भी सफलता नहीं मिली। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद मिले भाई-बहन कोतवाली थाना एएसआई हुकुम चंद ने बताया - बुधवार सुबह करीब 10 बजे बच्चों के डूबने की सूचना मिली। पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। काफी देर की मशक्कत के बाद सुबह 11:45 बजे प्रियंका को बाहर निकाल लिया गया। करीब 15 मिनट बाद, दोपहर 12 बजे टोनी को भी बाहर निकाल लिया गया। एनीकट से बाहर निकालने के तुरंत बाद दोनों को सवाई माधोपुर जिला हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रामविलास मोगिया मूल रूप से नारायणपुर टटवाड़ा के रहने वाले हैं। वे मजदूरी करते हैं और नया गांव बालाजी के पास टपरी बनाकर परिवार के साथ रहते हैं।