सवाई माधोपुर की मानटाउन थाना पुलिस ने 16 जुलाई को चोरी हुए करीब 55 लाख रुपए कीमत के डंपर को चार दिन बाद मध्यप्रदेश से बरामद कर लिया। पुलिस ने डंपर खरीदने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने चोरी का डंपर 27.50 लाख रुपए में खरीदा था। पुलिस अब डंपर चोरी करने वाले अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। 16 जुलाई की रात चोरी हुआ था डंपर एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने बताया कि 16 जुलाई 2026 की रात दौसा रोड स्थित करमोदा फिटनेस सेंटर क्लिनिक के पास खड़ा डंपर अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर लगातार चार दिन तक जांच की। इस दौरान पुलिस ने 1200 किलोमीटर से ज्यादा इलाके में पीछा किया। राजस्थान से मध्यप्रदेश तक खंगाले CCTV पुलिस ने राजस्थान से मध्यप्रदेश तक दर्जनों टोल प्लाजा और अलग-अलग जगहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। आखिरकार 20 जुलाई को मध्यप्रदेश के धार जिले के अमझेरा गांव में जैन मंदिर के पास राम तलाई के निकट चोरी हुआ डंपर बरामद कर लिया। 27.50 लाख में खरीदा था डंपर मौके से पुलिस ने अमझेरा निवासी फिरोज खान (47) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि उसने करीब 55 लाख रुपए कीमत का चोरी का डंपर 27.50 लाख रुपए में खरीदा था। इसमें से 10.50 लाख रुपए बैंक खाते में जमा कराए गए थे। पुलिस ने आरोपी के खाते में उपलब्ध 6.43 लाख रुपए की राशि फ्रीज करा दी है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही डंपर चोरी करने वाले अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।