सवाई माधोपुर में एंडवा गांव के राजकीय सीनियर सैकेंडरी स्कूल में बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे शिक्षकों के रिक्त पदों को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़कर करीब तीन घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित रही। शिक्षकों के पदों को भरने की मांग ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल में लंबे समय से कई शिक्षकों के पद रिक्त पड़े हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया- इस संबंध में कई बार शिक्षा विभाग से शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे ग्रामीणों ने स्कूल के गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। 10 दिनों में रिक्त पद भरने का आश्वासन घटना की सूचना मिलने पर स्कूल प्रशासन ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद सीबीईओ सुरेंद्र सिंह राजावत मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण स्कूल में शिक्षकों की नियुक्ति की मांग पर अड़े रहे। आखिरकार सीबीईओ ने ग्रामीणों को 10 दिनों के अंदर स्कूल के रिक्त पदों पर शिक्षकों की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर स्कूल का ताला खोल दिया।