सवाई माधोपुर एसपी ज्येष्ठा मैत्रयी के निर्देश पर बुधवार को सवाई माधोपुर में पहली बार मोहल्ला सभाओं का आयोजन किया गया। सवाई माधोपुर के पुराने शहर के नीम चौकी, अंसारी मोहल्ला और सर्राफा बाजार के आंगनबाड़ी केंद्र पर मोहल्ला सभा आयोजित की गई। इसमें संबंधित बीट इंचार्ज मौजूद रहे। इस दौरान सभी इलाकों में स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ संवाद स्थापित किया। मोहल्ला सभाओं के दौरान बीट इंचार्ज ने मौके पर ही लोगों को अपने मोबाइल नंबर शेयर किए और पुलिस से संबंधित समस्याएं जानी। शहर पुलिस चौकी प्रभारी हरी लाल बैरवा ने बताया कि स्थानीय लोगों को पुलिस की पूरी मदद करनी चाहिए, जिससे पुलिस बेहतर पुलिसिंग कर सके। इलाके में किसी भी तरह की कोई अवांछित गतिविधि नजर आने पर पुलिस को सूचित करें। इससे अवैध गतिविधियों पर पुलिस रोक लगा सकेगी। बता दें कि एसपी ज्येष्ठा मैत्रयी ने बेहतर पुलिसिंग के लिए एक जनसुनवाई कार्यक्रम निर्धारित किया है। इसके तहत सभी थानों पर थानाधिकारी और बीट स्तर पर बीट इंचार्ज जनसुनवाई करेंगे और लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे।