सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय पर सरकार की ओर से योग को बढ़ावा देने के लिए शुरू किए गए गवर्नमेंट योगा एंड नेचुरोपैथी रिसर्च सेंटर में लोगों को योग की सुविधा नहीं मिल पा रही है। आयुर्वेद विभाग के अधिकारियों ने योग कक्ष में दवाइयां रखकर उसे स्टोर रूम बना दिया और कमरे पर ताला लगा दिया। गुरुवार सुबह योग करने पहुंचे लोगों ने ताला लगा देखा तो नाराजगी जताई और अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन कर योग कक्ष को फिर से शुरू करने की मांग की। योग कक्ष को बनाया स्टोर रूम सरकार ने जिला मुख्यालय पर लोगों को योग से जोड़ने और दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के उद्देश्य से गवर्नमेंट योगा एंड नेचुरोपैथी रिसर्च सेंटर शुरू किए थे। यहां लोगों को योग कराने के लिए प्रशिक्षित योग गुरु भी लगाए गए हैं। लेकिन सवाई माधोपुर में विभागीय अधिकारियों ने योग कक्ष में दवाइयां रखकर उसे स्टोर रूम बना दिया। इतना ही नहीं, कमरे पर ताला भी लगा दिया गया। योग करने पहुंचे लोग रह गए हैरान गुरुवार सुबह जब लोग रोज की तरह योग करने के लिए केंद्र पहुंचे तो कमरे पर ताला लगा देखकर हैरान रह गए। लोगों ने जब अधिकारियों से इसके बारे में बात की तो उनका कहना था कि यह बिल्डिंग आयुर्वेद विभाग की है और वह इसका उपयोग अपनी जरूरत के अनुसार करेंगे। लोगों को योग करना है तो कहीं और जाकर करें। अधिकारियों के इस जवाब के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने मौके पर प्रदर्शन किया। 2019 से रोज लग रही थी योग क्लास स्थानीय नागरिक सतीश शर्मा ने बताया कि हाल ही में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया था। उस दिन विभागीय अधिकारी योग को बढ़ावा देने की बात कर रहे थे, लेकिन अब योग कक्ष पर ताला लगा दिया गया है। उन्होंने बताया कि साल 2019 से इस केंद्र में रोजाना प्रशिक्षित योग गुरु लोगों को सुबह योग करवाते आ रहे हैं। ऐसे में अचानक कमरे को बंद कर देने से यहां आने वाले लोगों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। कलेक्टर से शिकायत करने की तैयारी लोगों का कहना है कि योग कक्ष में रखी दवाइयां हटाकर पहले की तरह योग की व्यवस्था बहाल की जाए। उन्होंने कहा कि इस मामले की शिकायत जिला कलेक्टर से भी की जाएगी। अब देखने वाली बात यह होगी कि आयुर्वेद विभाग योग कक्ष को दोबारा खोलता है या फिर लोगों को योग के लिए दूसरी जगह तलाशनी पड़ेगी।