सवाईमाधोपुर की मानटाउन थाना पुलिस ने डकैती के एक मामले में चार साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दस हजार रुपए के इनामी बदमाश गोरधन मोग्या उर्फ भूत को गिरफ्तार किया है। वहीं चोरी के एक अन्य मामले में एक साल से फरार स्थाई वारंटी मुकेश मोग्या उर्फ भूरसिंह को जयपुर से पकड़ा है। थानाधिकारी मानटाउन सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि गोरधन उर्फ भूत पुत्र बत्तीलाल उर्फ लाजपत उर्फ खांगा और मुकेश उर्फ भूरसिंह उर्फ पढ़ा पुत्र बत्तीलाल उर्फ लाजपत उर्फ खांगा दोनों निवासी भंवरकी थाना बाटोदा और वर्तमान निवासी नायला थाना कानोता जिला जयपुर को दौलतपुरा जिला जयपुर शहर (पश्चिम) से डिटेन कर गिरफ्तार किया। चांदी के कड़े और कैश लूटकर भागा था गोरधन 1 जनवरी 2022 की रात सदर गंगापुर सिटी थाना क्षेत्र में धुंधेश्वर रोड रेलवे पुलिया के पास हुई डकैती में शामिल था। इस घटना में परिवादी लच्छी और उनकी पत्नी रामकन्या के साथ मारपीट कर चांदी के कड़े, करीब एक लाख रुपए नकद और एक मोबाइल लूटा था। इस संबंध में एफआईआर दर्ज की थी। इस मामले में अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे, लेकिन गोरधन घटना के बाद से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर जिला पुलिस अधीक्षक से10 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की थी। नाम बदलकर फरारी काट रहा था मानटाउन थाना के हेड कॉन्स्टेबल बुद्धिप्रकाश को 18 अप्रैल को गोरधन मोग्या के जयपुर में नाम-पता बदलकर फरारी काटने की सूचना मिली थी। इस पर विशेष टीम का गठन कर उसे जयपुर भेजा। टीम ने दोनों वांटेड आरोपियों को पकड़ लिया। दोनों को रविवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।