सवाई माधोपुर की मानटाउन थाना पुलिस ने अपहरण और नकदी छिनने के मामले में तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी महेंद्र मीणा की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आई-20 कार भी जब्त की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच जारी है। मानटाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में विक्रम (19) पुत्र कमलेश बैरवा निवासी खिलचीपुर थाना कुण्डेरा, मनराज उर्फ मोनू (23) पुत्र रामफूल बैरवा और आकाश (19) पुत्र रामदयाल बैरवा निवासी भारजा का टापरा थाना रवाजना डूंगर शामिल हैं। आई-20 कार को किया जब्त पुलिस ने बताया कि इस साल 12 मार्च को पीड़ित विकास ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह धमूण रोड पर गन्ने के जूस की मशीन चला रहा था। तभी महेंद्र मीणा और उसके साथियों ने उसका अपहरण किया, मारपीट की और नकदी छीनकर फरार हो गए। मुख्य आरोपी महेंद्र मीणा को पकड़ने के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में उपयोग की गई आई-20 कार (RJ25CB4135) ग्राम धमूण खुर्द से जब्त कर ली गई। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी आई-20 कार जब्त होने के बाद पुलिस ने मामले में शामिल तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। थानाधिकारी ने बताया कि फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।