रणथंभौर रोड स्थित एक सीज मॉल में मंगलवार सुबह चोरी की कोशिश का मामला सामने आया। मॉल से आवाजें आने पर आसपास रहने वाले लोगों को शक हुआ। उन्होंने मॉल मालिक को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। मौके पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने चार नाबालिगों को डिटेन किया है। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। मॉल मालिक अमर सिंह ने बताया- मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे आसपास रहने वाले लोगों ने फोन कर मॉल से आवाजें आने की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी और पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मॉल के चैनल गेट के ताले टूटे हुए मिले। इस दौरान चार नाबालिग मौके पर मौजूद थे, जिन्हें पुलिस ने डिटेन कर लिया। पहले भी 5-6 बार हो चुकी चोरी मॉल मालिक अमर सिंह के अनुसार, मॉल सीज है और इसकी सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। उनका कहना है कि मॉल सीज होने के कारण इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की है, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि मॉल में पहले भी पांच से छह बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। चोरी गए सामान का आकलन नहीं घटना के बाद पुलिस ने मौके से चार नाबालिगों को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, मॉल से कितना सामान चोरी हुआ है या किसी सामान को नुकसान पहुंचा है, इसका आकलन अभी नहीं किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।