सवाई माधोपुर जिले में जिला परिषद चुनाव को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। नाम वापसी के आखिरी दिन 22 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिए। इसके बाद जिला परिषद के 31 वार्डों में अब 90 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। सोमवार को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। इसके साथ ही जिले में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं और प्रत्याशियों ने मतदाताओं तक पहुंचने की तैयारी शुरू कर दी है। 22 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र वापस लिए जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया - सवाई माधोपुर जिला परिषद के 31 वार्डों के लिए कुल 178 उम्मीदवारों ने 212 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान 91 नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए, जबकि 9 नामांकन पत्रों का विलय किया गया। इसके बाद चुनाव मैदान में 112 उम्मीदवार रह गए थे। नाम वापसी के अंतिम दिन 22 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिए। ऐसे में अब जिला परिषद के 31 वार्डों में कुल 90 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाएंगे। चुनाव चिह्न आवंटित होने के बाद प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में प्रचार अभियान को गति देने में जुटेंगे। चुनावी मुकाबले को लेकर बढ़ी हलचल नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही जिला परिषद चुनाव की तस्वीर स्पष्ट हो गई है। अब सभी की नजरें चुनावी मुकाबले पर टिकी हैं। विभिन्न वार्डों में प्रत्याशियों के बीच मुकाबले को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। आने वाले दिनों में प्रचार अभियान के दौरान प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे। जिले में अब चुनावी चौसर बिछ चुकी है और राजनीतिक दलों के साथ निर्दलीय प्रत्याशी भी अपनी जीत के लिए रणनीति बनाने में जुट गए हैं।