चार दिन बाद होने वाली एसआई भर्ती-2025 को स्थगित करने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है, जिस पर सुप्रीम कोर्ट गुरुवार को सुनवाई के लिए तैयार हो गया है। सूरजमल मीणा की ओर से दायर याचिका में मांग की गई है कि 5 और 6 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित एसआई/प्लाटून कमांडर भर्ती-2025 परीक्षा को कम से कम 4 सप्ताह के लिए टाल दिया जाए। याचिका में कहा गया है कि उसे और उसके जैसे सैकड़ों अभ्यर्थियों को इस भर्ती में आयु सीमा में छूट नहीं दी गई थी। जिसके बाद एकलपीठ के अंतरिम आदेश से उनके फॉर्म स्वीकार किए गए, लेकिन खंडपीठ ने एकलपीठ के आदेश पर रोक लगा दी थी। उसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने खंडपीठ को 31 मार्च तक सभी अपीलों पर फैसला लेने के लिए कहा था। लेकिन हाईकोर्ट की खंडपीठ ने उनकी अपीलों पर अभी तक कोई फैसला नहीं दिया है। ऐसे में लिखित परीक्षा होने के बाद अगर उनके पक्ष में भी फैसला आता है तो वह निष्प्रभावी हो जाएगा। इसलिए फिलहाल भर्ती को चार सप्ताह के लिए टाला जाए। हाईकोर्ट ने ढाई महीने पहले सुनवाई पूरी की दरअसल, यह पूरा विवाद एसआई भर्ती-2021 से जुड़ा हुआ है। हाईकोर्ट की एकलपीठ ने पेपर लीक और गंभीर अनियमितताओं के चलते साल 2021 की एसआई भर्ती को 28 अगस्त 2024 को रद्द कर दिया था। भर्ती को रद्द करते हुए हाईकोर्ट ने कैबिनेट सब कमेटी की अनुशंसा के आधार पर इस भर्ती में शामिल रहे अभ्यर्थियों को आगामी भर्ती में आयु सीमा में छूट की सिफारिश भी की थी, लेकिन एकलपीठ के भर्ती रद्द करने के फैसले को 8 सितंबर को खंडपीठ ने स्थगित कर दिया। जिसके बाद आरपीएससी ने आयु सीमा में विशेष छूट नहीं दी। इस पर आयु सीमा में छूट के लिए अभ्यर्थियों ने नए सिरे से याचिकाएं दायर कीं। सुप्रीम कोर्ट से मामला रिमांड होने के बाद हाईकोर्ट की खंडपीठ ने 19 जनवरी को पूरे मामले में सुनवाई पूरी करके फैसला सुरक्षित कर लिया, लेकिन ढाई महीने बीतने के बाद भी अभी तक फैसला नहीं आया है। अभ्यर्थी असमंजस की स्थिति में हाईकोर्ट का फैसला नहीं आने के कारण इस भर्ती से जुड़े लाखों अभ्यर्थी असमंजस की स्थिति में हैं। जो अभ्यर्थी आयु सीमा में छूट मांग रहे हैं, वे इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि आरपीएससी इन्हें भर्ती में शामिल करेगी या नहीं। वहीं, जो अभ्यर्थी पहली बार एसआई भर्ती-2025 में शामिल हो रहे हैं, वे भर्ती परीक्षा के अटकने की आशंकाओं को लेकर पशोपेश में हैं। इसके साथ ही, एसआई भर्ती-2021 में चयनित अभ्यर्थी भर्ती को लेकर फैसला नहीं होने पर अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।