भास्कर न्यूज |कंजौली ग्राम रथ गुरुवार सुबह ग्राम पंचायत लपावली पहुंचा। मोबाइल एलईडी वैन व लोकगीतों के जरिए ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पशुपालन, कृषि व आधुनिक तकनीकों से जुड़ी योजनाओं को प्रस्तुत कर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के दौरान ही हकीकत की एक अलग तस्वीर सामने आ गई। ग्राम रथ के माध्यम से जहां योजनाओं की उपलब्धियों का बखान किया जा रहा था, वहीं ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन की जमीनी स्थिति पर नाराजगी जताई। सरपंच प्रतिनिधि महेशराम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सुझाव पेटिका में शिकायत दर्ज कराई। जल जीवन मिशन का कार्य अधूरा पड़ा है। कई स्थानों पर पाइपलाइन नहीं बिछाई गई। कहीं नल नहीं लगे। कुछ जगहों पर पाइपलाइन को नालियों में खुला छोड़ दिया गया है। इससे पानी के दूषित होने का खतरा है। इसके अलावा ग्रामीणों ने सेड वाले रास्ते का सीमाज्ञान करवाने की मांग भी उठाई। ग्राम रथ लपावली के अलावा ग्राम पंचायत भोपुर, कटारा अजीज सहित कई पंचायतों में पहुंचा। कार्यक्रम में बालघाट भाजपा मंडल अध्यक्ष हरगुण गुर्जर, सरपंच सुनीता मीना, उपसरपंच रामकेश गुर्जर, सरपंच प्रतिनिधि महेशराम, सरपंच प्रियंका मीना, राजकुमार मीना, वीडीओ अमृतलाल मीरोठा, श्रीमन गुर्जर, हर्बल मीना, कृषि विभाग के श्रीराम मीना, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।