डूंगरपुर के सीमलवाड़ा कस्बे में धंबोला मार्ग पर बन रही पुलिया के नवीनीकरण और चौड़ीकरण कार्य पर स्थानीय लोगों ने सवाल उठ गए हैं। उन्होंने निर्माण में गुणवत्ता से समझौता, पुलिया को संकरा बनाने और तकनीकी मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग से इसकी जांच कर नियमानुसार निर्माण की मांग की है। सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के पास यह कार्य कराया जा रहा है। कस्बेवासियों का कहना है कि पुलिया निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे सीमेंट के बॉक्स की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है। बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर पुलिया को संकरा किया गया है। वहीं, सामने आवासीय मकानों के कारण पुलिया का स्तर ऊंचा कर दिया गया है। लोगों का आरोप है कि इससे बरसात में जल निकासी प्रभावित होगी और आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंच सकता है। स्थानीय निवासियों ने यह भी बताया कि यह मार्ग घुमावदार है, लेकिन पुलिया का निर्माण सड़क की डिजाइन के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। संकरी पुलिया बनने से भविष्य में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाएगा। विनोद शर्मा, प्रकाश सोनी और स्थानीय ग्रामीण सुरेश भोई सहित कई नागरिकों ने विभागीय अधिकारियों से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और जनहित को ध्यान में रखते हुए पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है।