डूंगरपुर में विनोबा भावे खेल मैदान में मंगलवार रात को दशहरे पर रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का आतिशबाजी के साथ दहन किया गया। पुतले जलते ही मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। आसमान में रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव देखने सैकड़ों ग्रामीण उमड़े। लोगों ने पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ दशहरा पर्व मनाया। दशहरा कमेटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कस्बे के गायत्री चौक से भगवान राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की भव्य झांकी निकाली गई। झांकी खेल मैदान पहुंची, जहां रावण दहन कार्यक्रम हुआ। पुतलों के दहन के दौरान आतिशबाजी से मैदान का आसमान रोशन हो गया। दर्शक देर तक इस दृश्य का आनंद लेते रहे। कार्यक्रम का संचालन दशहरा कमेटी के जगदीश पंड्या, देवीलाल कलाल, राकेश शाह, विजयपाल डोडियार, रूपचंद भगोरा, हरीश पंड्या सहित अन्य पदाधिकारियों ने किया। आयोजन के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जाब्ता भी तैनात रहा।