जनगणना-2027 का पहला चरण सेल्फ इम्यूनिरेशन (स्व-गणना) शुरू हो चुका है। 1 मई से अब तक सीकर जिले में 20 हजार लोगों ने ऑनलाइन लिस्टिंग कर ली है। पूरे प्रदेश में जयपुर के बाद सबसे ज्यादा ऑनलाइन लिस्टिंग का काम सीकर जिले में हुआ है। प्रमुख जनगणना अधिकारी (कलेक्टर) आशीष मोदी ने बताया- कलेक्ट्रेट परिसर के लगभग सभी रेवेन्यू कार्मिकों ने सोमवार को एक साथ ऑनलाइन लिस्टिंग पूरी की। कलेक्टर मोदी ने बताया- ऑनलाइन लिस्टिंग से लोगों का समय बचेगा, इसलिए ज्यादा से ज्यादा ऑनलाइन लिस्टिंग के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। जिलेभर में पटवारी, ग्राम विकास अधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों, आशा सहयोगिनियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ताओं और साथिनों को ऑनलाइन लिस्टिंग के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। 15 मई तक अधिकांश ऑनलाइन लिस्टिंग का काम पूरा करने‌ का लक्ष्य है। 1 से 15 मई तक चलेगा स्व-गणना जिला जनगणना अधिकारी ADM रतन कुमार स्वामी ने बताया- सीकर जिले में जनगणना 2027 के पहले चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण और मकान गणना के लिए स्व-गणना का काम 1 मई से 15 मई तक चलेगा। प्रमुख जनगणना अधिकारी (कलेक्टर) आशीष मोदी ने बताया- वेबपोर्टल se.census.gov.in पर जाकर आसानी से स्व-गणना की जा सकती है। जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने आमजन से अपील की है कि वे स्व-गणना प्रक्रिया में हिस्सा लें। उन्होंने बताया कि स्व-गणना ऐसी डिजिटल प्रक्रिया है, जिसमें आमजन खुद मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर से घर बैठे परिवार का विवरण भर सकते हैं। जिला कलेक्टर ने कहा- यह प्रक्रिया हिंदी सहित 14 भाषाओं में उपलब्ध है। जनगणना में दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रखी जाती है।