सीकर में बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव के लिए वोटिंग हुई। सीकर में बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव के लिए 1264 वकीलों ने बुधवार को वोट डाला। यहां 1770 वोटर्स रजिस्टर्ड थे, इनमें से 1750 बार एसोसिएशन और 20 टैक्स बार एसोसिएशन के वोटर्स थे। मतदान शाम करीब 6:50 बजे तक चला। इसके बाद सभी बैलेट बॉक्स को प्रत्याशियों के वोटिंग एजेंट की उपस्थिति में सील पैक कर दिया गया। बता दें कि प्रदेशभर से कुल 234 प्रत्याशी बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के मेंबर बनने के लिए चुनावी मैदान में हैं। सीकर जिले से 7 प्रत्याशी हैं। 9 वोटिंग काउंटर बनाए थे, भीड़ होने पर बढ़ाए सीकर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सभागार में हुई वोटिंग में शुरुआत में 9 वोटिंग काउंटर बनाए गए थे। भीड़ बढ़ने के बाद दोपहर ढाई बजे 4 काउंटर बढ़ाए गए। बैलेट डालने के लिए 9 बैलेट बॉक्स रखे गए। दिनभर वोटिंग के लिए वकीलों की लंबी लाइनें नजर आईं। सुबह 8 बजे से शाम 6:50 बजे तक वोटिंग हुई। वोटिंग के दौरान स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। जिला जज रूपा गुप्ता ने पोलिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। सीकर जिले के एडिशनल पोलिंग ऑफिसर पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया- सीकर जिले में जिला मुख्यालय के अलावा फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, श्रीमाधोपुर, खंडेला, नीमकाथाना और दांतारामगढ़ समेत कई कोर्ट कैंपस में वोटिंग हुई। वोटिंग से पहले समझाई प्रक्रिया पोलिंग टीम ने हर वोटर को बैलेट पेपर देने के साथ ही वोट कास्टिंग और बैलेट बॉक्स में डालने की प्रक्रिया भी बताई। मतदान केंद्र से 200 मीटर की दूरी में बैरिकेडिंग की गई। बार काउंसिल की वोटिंग में मौसम की तेज गर्मी का असर भी देखने को मिला। पूरे प्रदेश भर में बार कौंसिल ऑफ राजस्थान की वोटिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद वोटों की गिनती शुरू होगी।