सीकर के एप्पल हॉस्पिटल में रविवार देर रात को ऑपरेशन के दौरान विवाहिता की मौत हो गई। सोमवार को परिजनों ने डॉक्टर्स पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। हॉस्पिटल परिसर के बाहर ही परिजन शव के साथ मुख्य सड़क पर धरने पर बैठ गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और परिजनों से समझाइश का प्रयास किया। पुलिस के मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम कराने के आश्वासन के बाद परिजन माने। ये धरना प्रदर्शन सुबह करीब 8 बजे से शुरू होकर सुबह 11 बजे (3 घंटे) तक चला। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पहले देखिए, धरने से जुड़ी 4 PHOTO'S परिजनों को बिना जानकारी महिला को दूसरे हॉस्पिटल में किया शिफ्ट मृतका के परिजनों ने बताया कि शनिवार को रींगस निवासी कविता पत्नी राजु मिठारवाल को नसबंदी खुलवाने के लिए सीकर के एप्पल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जिसकी रविवार देर रात के ऑपरेशन के बाद मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि रात को ऑपरेशन थिएटर में ले जाने के बाद परिजनों को बिना जानकारी दिए कविता को दूसरे हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया। देर रात परिजनों को बताया गया कि ऑपरेशन के दौरान कविता की हालत गंभीर होने पर उसे मित्तल हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया था। शिफ्टिंग की सूचना मिलने पर परिजन मित्तल हॉस्पिटल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने कविता को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाते हुए बताया कि एप्पल हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने लापरवाही को छुपाने के लिए आनन-फानन में उसे दूसरे अस्पताल में भेज दिया, जबकि उसकी मौत पहले ही हो चुकी थी। खंडेला विधायक सुभाष मील भी धरने पर पहुंचे विवाहिता की मौत के बाद सोमवार सुबह से ही अस्पताल के बाहर माहौल तनावपूर्ण बन गया था। मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने मित्तल हॉस्पिटल के बाहर सड़क पर शव रखकर नारेबाजी शुरू कर दी। खंडेला विधायक सुभाष मील भी धरने पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और समझाइश की कोशिश की।