धौलपुर | जिला अस्पताल में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नर्सिंग स्टाफ ने आधुनिक नर्सिंग सेवा की प्रेरणास्रोत फ्लोरेंस नाइटिंगेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्हें लेडी विद द लैंप के नाम से भी जाना जाता है। कार्यक्रम में मौजूद सीनियर नर्सिंग अधिकारियों एवं नर्सिंग कर्मियों ने 12 मई के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह दिन नर्सिंग समुदाय के लिए गौरव और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि फ्लोरेंस नाइटिंगेल ने नर्सिंग सेवा को मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम बनाकर चिकित्सा क्षेत्र में नई पहचान दिलाई। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने नर्सिंग स्टाफ को चिकित्सा विभाग की रीढ़ की हड्डी बताया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग कर्मी दिन-रात मरीजों की देखभाल और उपचार में जुटे रहते हैं। मरीजों की सेवा, संवेदनशील व्यवहार और समर्पण ही नर्सिंग कर्मियों की सबसे बड़ी पहचान है। इस दौरान नर्सिंग स्टाफ ने एक-दूसरे को अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पीएमओ डा समरवीर सिंह, डॉ बीडी व्यास, नर्सिंग सुपरीटेंडेंट पूरन सिंह, नर्सिंग सुपरीटेंडेंट कमल सिंह सहित अमृतलाल, अमर सिंह त्यागी, सुरेश,हरेंद्र तोमर, राजवीर सिंह, संजय राठौर, जितेंद्र सिंह, विवेक मिश्रा, बबीता कुरैशी, कल्पना मीना, प्रेमलता, मंजू, रीना, सीमा आदि नर्सिंग ऑफिसर्स मौजूद रहे।