सीकर में आज धूप झुलसा रही है। सुबह से हल्की हवाएं चलीं, लेकिन हवाएं गर्म होने से लू की तरह अहसास हो रहा है। आज आसमान साफ होने की वजह से सीधी धूप पड़ रही है। सीकर में पिछले 5 दिन से अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है। शेखावाटी के सीकर-चुरू में अभी सर्वाधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। लोग गर्मी से बचाव के उपाय करते नजर आ रहे हैं। आज तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। बात करें सीकर के तापमान की तो सीकर जिले फतेहपुर में कृषि अनुसंधान केंद्र पर मौसम केंद्र पर आज दिन का अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री दर्ज किया गया था। इससे पहले सोमवार को दिन में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर में दिन की गर्मी लगातार स्थिर बनी हुई है। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार सीकर जिले में अगले 3 दिन मौसम ड्राई रहेगा। अभी तेज गर्मी का असर रात के तापमान में भी महसूस हो रहा है। अगले 3 दिनों तक अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ाेतरी संभव है। इस बार क्लाइमेट चेंज की वजह से अप्रैल महीने में भी तेज गर्मी पड़ रही है। अब हीटवेव चलने की संभावना है।