शेरगढ़ थाना क्षेत्र में एक सराफा व्यापारी से चाकू की नोक पर लाखों के सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल लूट लिए गए। बदमाशों ने व्यापारी को कार में अगवा कर सुनसान सड़क पर छोड़ दिया। पीड़ित ने चार अज्ञात युवकों के खिलाफ शेरगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, पदमगढ़ (सोलंकियातला) निवासी कैलाश पुत्र भीयाराम सोनी ने बताया कि वह सोलंकियातला में आभूषण बनाने का काम करते हैं। 20 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे, वे अपनी दुकान से तैयार जेवर लेकर घर जा रहे थे। उनके बैग में लगभग 1.5 किलो चांदी और 15 ग्राम सोने के आभूषण थे। रास्ते में एक सफेद कार उनके पास आकर रुकी। कार से तीन युवक उतरे और गंगाराम दर्जी की ढाणी का पता पूछने लगे। इसी दौरान, आरोपियों ने कैलाश सोनी का जेवरों से भरा बैग और मोबाइल छीन लिया। जब उन्होंने विरोध किया, तो एक युवक ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और मारपीट करते हुए उन्हें जबरन कार में बैठा लिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी उन्हें कार में डालकर सेतरावा-जेठानिया रोड पर ले गए और एक सुनसान जगह पर धक्का देकर नीचे उतार दिया। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद, राहगीरों की मदद से कैलाश सोनी झुंझार मेडिकल पहुंचे और फिर गांव के लोगों के साथ शेरगढ़ थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि रात का समय होने और घबराहट के कारण वे कार का नंबर नहीं देख पाए। हालांकि, उन्होंने कहा कि सामने आने पर वे चारों आरोपियों को पहचान सकते हैं।