जयपुर में शिप्रापथ थाना पुलिस ने पेइंग गेस्ट (पीजी) के नाम पर मकान किराए पर लेकर कब्जा करने वाले गिरोह का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी महेंद्र गुर्जर (36) उर्फ बिल्लू को गिरफ्तार किया। आरोप है कि पीजी के नाम पर मकान पर कब्जा कर एक गिरोह ने मकान खाली करने के बदले 30 लाख रुपए की मांग की। आरोपी कोर्ट से स्टे लेकर मकान मालिक को लगातार धमकियां दे रहा था। यह गिरोह मकान मालिकों से किराए पर लेने के बाद में अवैध वसूली करता था। गिरोह ने मकान खाली करने के 30 लाख रुपए मांगे पीड़ित बाबूलाल शर्मा (48) ने शिप्रापथ पुलिस थाने में शिकायत देकर बताया कि आरोपी महेंद्र गुर्जर पुत्र लक्ष्मण सिंह ने मेरा मकान 93-ए गोपालपुरा-सी (गंगोत्री नगर) को 16 जनवरी को किराए पर लिया। आरोपी ने 1 लाख 60 हजार रुपए हर महीने के हिसाब से तीन मंजिला मकान किराए पर लिया था। इसमें 24 कमरे और लेट-बाथ था। पीड़ित ने आगे बताया कि कुछ समय बाद आरोपी ने किराया देना बंद कर दिया और मकान खाली करने के लिए 30 लाख रुपए की मांग करने लगा। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पीजी संचालन के नाम पर मकान किराए पर लेते थे बदमाश डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि आरोपी और उसके साथी पीजी संचालन के नाम पर मकान किराए पर लेते थे। शुरुआती एक-दो महीने किराया देने के बाद वे जानबूझकर किराया देने से मना कर विवाद खड़ा कर देते। विवाद के बाद मकान मालिक के खिलाफ किराया प्राधिकरण में मामला दर्ज कराते और कोर्ट से स्टे आदेश ले लेते थे। फिर गिरोह के लोग किराया देना बंद कर मकान खाली करने के बदले मोटी रकम की मांग करते थे। गिरोह के खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज डीसीपी साउथ ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में इसी तरह के कई मामले दर्ज हैं। आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब गिरोह के अन्य बदमाशों की तलाश कर रही है। वहीं मामले की जांच की जा रही है।