भास्कर न्यूज | बारां शहर के नयापुरा क्षेत्र में स्थित फूल मालियान के पुराने महादेव मंदिर को पुनर्निर्मित कर भव्य रूप दिया गया है। मंदिर फूल मालियान पंचायत की ओर से नवनिर्मित मंदिर में शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव और डोरा कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार से किया गया। पंचायत के महामंत्री एवं मीडिया प्रभारी सुरेश कुमार सुमन ने बताया कि 7 मई से 11 मई तक विभिन्न धार्मिक विधियों के साथ संपन्न होगा। पंचायत अध्यक्ष कैलाशचंद सुमन ने बताया कि कार्यक्रम की शुरूआत 7 मई को सुबह 9 बजे गणपति स्थापना एवं कलश यात्रा से होगी। इसके बाद 8 को देव पूजन एवं अग्नि स्थापना, 9 को हवन एवं अभिषेक, 10 को दोपहर 2:30 बजे शिव परिवार की प्रतिमाओं का नगर भ्रमण निकाला जाएगा। वहीं 11 मई को दोपहर 12:30 बजे प्राण प्रतिष्ठा एवं शिव विवाह का आयोजन होगा। शाम 4 बजे महाप्रसादी वितरण और प्रीतिभोज का आयोजन माथना रोड स्थित स्वर्गीय पटेल बद्रीलाल सुमन की बाड़ी में किया जाएगा। मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष शंभूदयाल सुमन ने बताया कि मंदिर परिसर में प्रधान कुंड सहित विभिन्न हवन कुंडों और नगर भ्रमण सवारी के लिए खुली बोली प्रक्रिया शुरू की गई है। बोली प्रतिदिन रात 8 से 10 बजे तक लगेगी। अंतिम बोली 30 अप्रैल को होगी। प्रधान कुंड के लिए न्यूनतम बोली 51 हजार रुपए और छोटे कुंडों के लिए 11 हजार रुपए तय की गई है। समिति के प्रतिनिधि मंडल गांव-ढाणियों में जाकर समाज बंधुओं को आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। इसमें नंदलाल सुमन सहित कई वरिष्ठ समाजजन भागीदारी निभा रहे हैं।