शिवगंज के कोलर स्थित देवनारायण राजकीय बालिका आवासीय उच्च माध्यमिक स्कूल में सोमवार को सीसीटीवी कैमरा प्रणाली का लोकार्पण किया गया। राज्य मंत्री ओटाराम देवासी और सांसद लुम्बाराम चौधरी ने सांसद कोष एवं ओएनजीसी के सीएसआर फंड से लगभग 3 लाख की लागत से स्थापित इस प्रणाली का उद्घाटन किया। राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने स्कूल में विज्ञान संकाय का भी शुभारंभ किया। यह घोषणा राजस्थान सरकार के बजट 2025-26 के अंतर्गत की गई थी। सत्र 2026-27 के लिए विज्ञान संकाय की कक्षा 11 में राजस्थान के विभिन्न जिलों से 75 छात्राओं का चयन किया गया है, जो वर्तमान में अध्ययनरत हैं। समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री देवासी ने विद्यालय में एनसीसी इकाई स्थापित करने की घोषणा की। सांसद लुम्बाराम चौधरी ने छात्राओं को सुरक्षा, अनुशासन और उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर परिश्रम और शिक्षा के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। प्रिंसिपल लक्ष्मण सिंह पुरोहित ने इस दौरान मंत्री और सांसद का ध्यान विद्यालय में विद्युत आपूर्ति और पेयजल संबंधी समस्याओं की ओर आकर्षित किया। उन्होंने इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक सहयोग का अनुरोध किया। समारोह में मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह देवड़ा, जितेंद्र सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष जूंजाराम देवासी, भूपेंद्र देवासी, पूर्व राज्य मंत्री सहित विभिन्न विभागों के गणमान्यजन और विद्यालय परिवार के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ अध्यापक किशनलाल देवासी ने किया।