सिरो​ही जिले के शिवगंज कस्बे में गंदे पानी की निकासी के लिए निर्माणाधीन नाला पहली ही बारिश में सवालों के घेरे में आ गया है। दो दिन पहले रात को हुई बारिश थमने के करीब 42 घंटे बाद भी मुख्य बाजार क्षेत्र में कई दुकानों के बाहर गंदा पानी और कीचड़ जमा है, जिससे व्यापारियों, रिक्शा चालकों और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों का आरोप है कि नगर पालिका ने पुराने नाले को तोड़कर नए नाले का निर्माण तो शुरू कर दिया, लेकिन उससे पहले गंदे पानी की निकासी के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की। परिणामस्वरूप पहली ही बारिश ने निर्माण कार्य की तैयारियों और योजना पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानों तक ग्राहकों का पहुंचना हुआ मुश्किल लगातार जलभराव की स्थिति से व्यापार प्रभावित हो रहा है, वहीं दुकानों तक ग्राहकों का पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। बाजार में जमा गंदे पानी और कीचड़ के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है, जबकि कई दुकानदारों को दिनभर ग्राहकों का इंतजार करना पड़ रहा है। रविवार को व्यापारियों ने मौके पर एकत्र होकर समस्या पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि पिछले 2 दिनों से लगातार शिकायत करने के बावजूद नगर पालिका प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। व्यापारियों ने जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता को स्थिति बिगड़ने का कारण बताया। व्यापारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि सोमवार तक गंदे पानी की निकासी कर बाजार को राहत नहीं दी गई तो वे नगर पालिका कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उनका कहना है कि विकास कार्यों का स्वागत है, लेकिन बिना समुचित योजना और वैकल्पिक व्यवस्था के शुरू किए गए निर्माण कार्य आमजन और व्यापारियों के लिए मुसीबत बन गए हैं।