जोधपुर जिले के देचू क्षेत्र के एक निजी स्कूल छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहे कक्षा 9वीं के छात्र श्रवणसिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्र का शव स्कूल के पास स्थित कृषि फार्म के पानी के हौद में तैरता मिला। इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को हौद से बाहर निकलवाया। फिर उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मूलतः जैसलमेर जिले के डेलासर गांव निवासी छात्र श्रवणसिंह निजी विद्यालय के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसका शव पास के फार्म के हौद में मिलने की सूचना फैलते ही छात्रावास और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस का जाब्ता तुरंत मौके पर पहुंचा। दूसरी तरफ छात्र की मौत की खबर मिलते ही डेलासर से बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। मृतक के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और संबंधित लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने हत्या की आशंका जताई। परिजनों का आरोप है कि छात्र की हत्या की गई। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके शव को हौद में फेंका गया। घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण उप जिला अस्पताल देचू परिसर में धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का ठोस आश्वासन भी चाहिए। तब तक वे शांत नहीं बैठेंगे। परिजनों ने निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच की मांग रखी है। उन्होंने वीडियोग्राफी के साथ मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की मांग भी रखी है। उन्होंने वास्तविक परिस्थितियों को स्पष्ट करने की मांग की है। जानकारी के अनुसार छात्र की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा मेडिकल बोर्ड की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही संभव होगा। तकनीकी साक्ष्यों की जांच भी जरूरी है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है।