श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर में पुलिस हिरासत से चोरी के दो आरोपी फरार हो गए। दोनों को पुलिस बुधवार शाम कोर्ट में पेश करने के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान दोनों आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिलेभर में अलर्ट जारी कर नाकाबंदी कराई गई, लेकिन देर शाम तक दोनों आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका। जानकारी के अनुसार, श्रीकरणपुर शहर के वार्ड-18 स्थित एक दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान मौका पाकर दोनों आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गए। रेलवे स्टेशन पर सघन तलाशी, 20 मिनट तक रोकी ट्रेन आरोपियों की तलाश में पुलिस ने श्रीकरणपुर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाया। सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया। सर्कल सीओ पुष्पेंद्र सिंह और सीआई सीर कौर ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। फरार आरोपियों की तलाश के दौरान करणपुर से श्रीगंगानगर जाने वाली ट्रेन को रेलवे स्टेशन पर करीब 15 से 20 मिनट तक रोका गया। पुलिस टीम ने ट्रेन के हर डिब्बे की गहन तलाशी ली और यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन दोनों आरोपी नहीं मिले। जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को श्रीगंगानगर के लिए रवाना किया गया। एसपी बोले- जिलेभर में तलाश जारी, जल्द होंगे गिरफ्तार श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए जिलेभर में पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। सभी प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी कराई गई है और जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।