चूरू जिले की सिधमुख थाना पुलिस ने 'ऑपरेशन क्लीन स्वीप' के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक युवक को अवैध पिस्टल और मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया है। यह अभियान अवैध हथियारों और हथियार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ चलाया जा रहा है। जिला स्पेशल टीम के साथ थाना पुलिस की कार्रवाई थानाधिकारी इमरान खान ने बताया- 'ऑपरेशन क्लीन स्वीप' के तहत सिधमुख पुलिस की लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई है। जिला स्पेशल टीम चूरू और सिधमुख थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के निर्देश पर और स्थानीय पुलिस अधिकारियों की निगरानी में यह कार्रवाई हुई। जिला स्पेशल टीम चूरू से मिली खुफिया सूचना के आधार पर सिधमुख थाना पुलिस ने नाकाबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका गया। अवैध पिस्टल और मैगजीन बरामद तलाशी लेने पर आरोपी विनोद कुमार (35) पुत्र रामनिवास, निवासी चनाणा छोटा, थाना सिधमुख, जिला चूरू के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और मैगजीन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब विनोद कुमार से अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।