सीकर में लगातार गैंगस्टर्स की ओर से हाईप्रोफाइल लोगों को मिल रही धमकियों के बीच AGTF और सीकर पुलिस ने कार्रवाई की। विदेश में बैठे गैंगस्टर्स को फॉलो करने वाले लोगों के 19 ठिकानों पर मंगलवार को दबिश दी। इस दौरान 20 लोगों से पूछताछ की गई। वहीं 6 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया- सुबह से दोपहर तक ऑपरेशन चलाया गया। इसमें AGTF के 150 और सीकर पुलिस के 500 पुलिसकर्मी शामिल रहे। इन्होंने 19 ठिकानों पर रेड करते हुए 20 लोगों से पूछताछ की। 6 आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं एक मुकदमा भी दर्ज किया गया है। गैंगस्टर्स को फॉलो करने वालों पर निगरानी एसपी ने कहा- जो लोग सोशल मीडिया पर गैंगस्टर्स को फॉलो करते हैं। इंटरनेट पर उनके बारे में सर्च करते हैं। ऐसे लोगों पर भी सीकर पुलिस की टेक्निकल टीम लगातार निगरानी रख रही है। बता दें कि सीकर में हाल ही कई प्रॉपर्टी कारोबारी सहित हाईप्रोफाइल लोगों को विदेश में बैठे गैंगस्टर्स के द्वारा धमकियां दी गई थी। इसके बाद से पुलिस लगातार इन गैंग के लोकल गुर्गों पर नजर रख रही थी। ऐसे में AGTF के साथ मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।