सीकर में साइबर ठगी गिरोह के दो ठगों ने खाते में करीब 16 लाख रुपए मंगवाकर राशि निकाल ली। साइबर थाना पुलिस ने ऑपरेशन ‘म्यूल हंटर’ के तहत दोनों अकाउंट अथॉरिटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साइबर थाने के DSP जीवनलाल खत्री ने बताया- स्टेट साइबर क्राइम विंग से मिले इनपुट के आधार पर सीकर के श्यामपुरा निवासी विकास कुमार और रामलीला मैदान के रहने वाले मनमोहन सिंह राठौड़ के खिलाफ नामजद मुकदमा आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों के एक करंट अकाउंट में साइबर फ्रॉड के 15.82 लाख रुपए आए। इसमें से करीब 14.90 लाख रुपए बैंक चेक के जरिए निकाल लिए गए। तमिलनाडु में दो पीड़ितों के खातों से आए 16 लाख रुपए DSP जीवनलाल खत्री ने बताया- आरोपी विकास कुमार और मनमोहन सिंह राठौड़ ने श्याम इंटरप्राइजेज नाम की फर्म से 30 दिसंबर 2025 को यूको बैंक की घंटाघर ब्रांच में करंट अकाउंट खुलवाया था। अकाउंट के खिलाफ साइबर फ्रॉड की एक शिकायत तमिलनाडु के इरोड जिले में दर्ज है। जहां 19 जनवरी 2026 को इनके करंट अकाउंट में 5 लाख रुपए जमा हुए, जो उसी दिन चेक के जरिए निकाल लिए गए। वहीं दूसरी शिकायत तमिलनाडु के नमक्कल जिले में दर्ज है। जहां के पीड़ित के 10 लाख 82 हजार 450 रुपए आरोपियों के अकाउंट में 20 जनवरी को जमा हुए। इसमें से 9.90 लाख रुपए 20 जनवरी को ही आरोपियों ने निकाल लिए। बैंक खाता खुलवाकर कर रहे अवैध लेन-देन DSP जीवनलाल खत्री ने बताया- जब ह्यूमन इंटेलिजेंस के जरिए दोनों बदमाशों के बारे में पता लगाया तो सामने आया कि दोनों साइबर ठगी गिरोह से जुड़े हैं। जो इस तरह से बैंक खाता खुलवाकर अवैध लेनदेन करते हैं। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके इन्वेस्टिगेशन शुरू कर दिया गया है।