सीकर के गोकुलपुरा थाना इलाके में कोट बांध के पास पहाड़ियों में एक कोरियोग्राफर घायल हालत में मिली। परिजनों का आरोप है कि ड्रग्स देकर उसके साथ मारपीट की गई और फिर पहाड़ियों में छोड़ दिया गया। अभी युवती बोलने की हालत में नहीं है। पुलिस उसके बयान के आधार पर मामले की जांच करेगी। गोकुलपुरा SHO राजाराम लेघा ने बताया कि सोमवार को पुलिस थाने पर सूचना मिली कि कोट बांध के पास पहाड़ियों में एक युवती घायल हालत में मिली है। जिसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान है। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया। मामले में इसके भाई के द्वारा मुकदमा दर्ज करवाया गया है कि कोई युवती को अपने साथ लेकर गया और फिर उसे ड्रग्स देकर जान से मारने की नियत में पहाड़ी में छोड़ दिया गया। पुलिस के अनुसार युवती नशे की हालत में है। ऐसे में वह अब तक कुछ नहीं बोल सकी है। युवती के बयानों के बाद ही उसके साथ हुई घटना के बारे में पता लग पाएगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।