सीकर में पेटदर्द की शिकायत के बाद अस्पताल पहुंची युवती के गर्भवती होने का मामला सामने आया है। जांच में उसके 8 महीने की गर्भवती होने का पता चला। इसके बाद किशोरी ने बच्चे को जन्म दिया। मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। दरअसल, सीकर जिले की रहने वाली 18 साल की युवती वर्तमान में कॉलेज की पढ़ाई कर रही है। 28 अक्टूबर को सुबह उसके पेट दर्द होना शुरू हुआ। इसके बाद परिवार वाले उसे हॉस्पिटल लेकर गए तो पता चला कि यह तो 8 महीने(32 सप्ताह) की प्रेग्नेंट है। डॉक्टर ने बोला कि अब डिलीवरी का टाइम भी आ चुका है। ऐसे में युवती ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल आकर युवती के बयान लिए। युवती का कहना है कि उसे कुछ पता नहीं कि उसके साथ गलत काम या घटना किसने की। ऐसे में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ पॉक्सो सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू की है। अब कैसे होगी जांच ऐसे मामलों में यदि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज होता है तो पुलिस पीड़िता और उसके परिवार के लोगों के बयान लेती है। यदि उनसे भी कोई संदिग्ध नहीं मिलता तो फिर मोबाइल या कॉल डिटेल के आधार पर जांच की जाती है। बच्चे का क्या होगा पीड़िता और उसका परिवार चाहे तो बच्चे को अपने पास रखने के एप्लीकेशन दे सकता है। या फिर न्यायिक प्रक्रिया के तहत शिशु पालना गृह में दाखिल करवा सकता है।