सीकर के बलारां थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के साथ हुई मारपीट के मामले में कार्रवाई न किए जाने से ग्रामीणों भड़क गए। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब 400 ग्रामीण लामबंद होकर जिला पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित परिवार को धमका रहे हैं। आधी रात को घर में घुसकर की हैवानियत, दांत तोड़े और गला दबाया पीपली गांव के रहने वाले नेमीचंद ने बताया- 20 जून की रात करीब 2 बजे बुजुर्ग महिला अपने घर में अकेली सो रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपी महेंद्र कुमार जाट जबरन घर में घुस आया और महिला के साथ बदसलूकी करने लगा। जब बुजुर्ग महिला ने खुद को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोपी ने महिला के दांत तोड़ दिए, उनकी आंखों पर गंभीर चोटें पहुंचाईं और शरीर पर जगह-जगह दांतों से काट लिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने जान से मारने की नीयत से बुजुर्ग महिला का गला घोंटने की भी कोशिश की। बहू को देखकर भागा आरोपी, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती परिजन नेमीचंद ने बताया- महिला की चीख-पुकार सुनकर पास के मकान में सो रही उनकी बहू तुरंत मौके पर पहुंची। बहू को आता देख आरोपी महेंद्र बुजुर्ग महिला को लहूलुहान हालत में छोड़कर वहां से फरार हो गया। घायल महिला को तुरंत फतेहपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सीकर के एसके (SK) जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शिकायत करने गए परिजनों को लाठी-डंडों से पीटा पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद जब वे शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंचे, तो आरोपी महेंद्र, उसके भाई सुरेंद्र, विकास, सतवीर और अरविंद ने मिलकर पूरे परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और उनके साथ भी जमकर मारपीट की। केस वापस लेने का दबाव, ग्रामीणों ने दी चेतावनी परिजनों का कहना है कि आरोपी इलाके में लगातार बदमाशी कर रहे हैं। अब वे पीड़ित परिवार पर मुकदमा वापस लेने और राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं। ऐसा न करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।