सीकर में घरेलू गैस सिलेंडरों की कमी और सप्लाई में अव्यवस्था को लेकर आज कांग्रेस ने विरोध-प्रदर्शन किया। कांग्रेसी पदाधिकारियों व कार्यकर्त्ताओं ने गैस एजेंसी संचालकों पर मनमानी करने और कालाबाजारी करने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने विक्रम गैस एजेंसी से कलेक्ट्रेट तक आक्रोश रैली निकाली और गैस वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर ADM को ज्ञापन दिया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं और गैस उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी पर कालाबाजारी और उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार के आरोप लगाए गए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला ने आरोप लगाया कि पिछले कई दिनों से गैस उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। बुकिंग के बाद भी लोगों को एजेंसी और गोदामों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जबकि कई उपभोक्ताओं को घंटों लंबी लाइनों में खड़ा रहना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने शहर की एक गैस एजेंसी पर घरेलू सिलेंडरों की कालाबाजारी करने और अधिक दामों पर बिक्री करने के आरोप लगाए। नेताओं का कहना है कि कई महीनों से लगातार शिकायतों और प्रदर्शनों के बावजूद प्रशासन और सरकार ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। गुरूवार को गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचे कांग्रेस शहर ब्लॉक अध्यक्ष राजेश सैनी के साथ कर्मचारियों ने अभद्रता की और बाद में राजेश सैनी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी। कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा दी कि गैस किल्लत और कथित भ्रष्टाचार पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।