सीकर में अब गर्मी बढ़ने लगी है। 3 दिन से चल रही हवा आज दोपहर बाद थम गईं। शाम को सीकर शहर में हल्के बादल छाए। रविवार से तापमान में बढ़ोतरी होगी। लगातार एक्टिव हुए 2 वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर अब खत्म हो चुका है। सीकर समेत आसपास के इलाके में आज दिन में धूप का असर रहा। इससे पहले बीती रात हवाएं चलने से हल्की ठंडक का अहसास हुआ। सीकर समेत शेखावाटी इलाके में पिछले 15 दिनों से लगातार तापमान में बदलाव देखा जा रहा है। इस बार क्लाइमेट चेंज की वजह से गर्मी के सीजन ने समय से पहले ही दस्तक दे दी थी। मार्च के पहले सप्ताह में दिन का पारा 38 डिग्री होने के बाद लगातार 15 दिन तक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हुए और सीकर समेत शेखावाटी इलाके में बारिश और ओले गिरे। बात करें सीकर के तापमान की तो सीकर जिले में फतेहपुर के कृषि अनुसंधान केंद्र पर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र पर आज दिन का अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री दर्ज किया गया वहीं, आज सुबह का न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले शुक्रवार को दिन का तापमान 31.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर के तापमान में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। अभी दिन और रात के तापमान में करीब 19 डिग्री का अंतर चल रहा है। मौसम केंद्र जयपुर के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा के अनुसार सीकर समेत शेखावाटी इलाके में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से तापमान में गिरावट देखी जा रही थी। 13 अप्रैल से सीकर समेत शेखावाटी इलाके में तापमान बढ़ने लगेगा। अगले एक सप्ताह तक मौसम ड्राई रहेगा। इस दौरान 13 और 14 अप्रैल को बादलों की हल्की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, हालांकि दिन के तापमान में अब बढ़ोतरी शुरु होगी।