सीकर में मानसून के सीजन में भी मई महीने जैसी गर्मी पड़ रही है। बादलों की वजह से उमस का असर है, लेकिन आज हवाएं भी चल रही हैं। सीकर समेत शेखावाटी इलाके में अभी मानसून की अच्छी बारिश का इंतजार है। पिछले साल के मुकाबले इस साल मानसून का असर पूरी तरह कमजोर है। मौसम विभाग के अनुसार, बरसाती हवाएं सीकर-शेखावाटी में एंट्री करने से पहले ही कमजोर पड़ गईं। सामान्य से 50% कम हुई बारिश, अगले 4 दिन राहत नहीं सीकर समेत शेखावाटी इलाके में अभी तक सामान्य से 50% कम बारिश हुई है। सीकर के मौसम में आज हल्की नमी और उमस महसूस की गई। बीती रात हवाएं नहीं चलने से न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। आज सुबह से सीकर जिले के कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए हुए हैं और उमस बढ़ने से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग के अनुसार, सीकर में अगले 4 दिन तक बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। 15 जुलाई के बाद ही बरसेंगे बादल मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में एंट्री करने के बाद से बरसाती हवाओं की स्पीड कम हो गई है। सीकर के ऊपर एयर प्रेशर (वायुदाब) बार-बार बदल रहा है। सीकर में अब 15 जुलाई के बाद ही बारिश होने का अनुमान है। तब तक बारिश की कमी और तेज धूप की वजह से उमस और बढ़ेगी। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार सीकर में औसत बारिश दर्ज की जाएगी। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री दर्ज सीकर के तापमान की बात करें तो, सीकर जिले के फतेहपुर में स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सीकर में आज धूप की तल्खी के साथ ही उमस भी बढ़ी हुई है और तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।