सीकर में गुरुवार सुबह से ही गर्म हवाएं (लू) चल रही हैं, जिससे लोग गर्मी से बचने के लिए तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं। गर्म और शुष्क हवाओं के कारण पेड़-पौधे भी मुरझाने लगे हैं। सीकर में पिछले 24 घंटों से दिन का तापमान स्थिर बना हुआ है। पिछले 8 दिनों से सीकर समेत पूरे शेखावाटी क्षेत्र में भीषण गर्मी पड़ रही है। श्रीगंगानगर, चित्तौड़गढ़, बाड़मेर के बाद प्रदेश में चौथा सबसे गर्म जिला सीकर है। गर्मी के कारण लोग परेशान हैं और दोपहर में बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं। सीकर जिले के फतेहपुर में कृषि अनुसंधान संस्थान स्थित मौसम केंद्र पर आज दिन का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। तापमान के लिहाज से सीकर जिला प्रदेश का चौथा सबसे गर्म जिला बना हुआ है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते पूरे जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। गर्मी का असर रात में भी महसूस हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक तेज गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि 26 अप्रैल को दोपहर बाद बादल छा सकते हैं और हल्की आंधी चल सकती है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है।