सीकर जिले के लोसल में युवक को इटली में नौकरी के नाम पर बंधक बनाने, बीफ खाने को मजबूर करने और धर्म परिवर्तन के लिए प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। युवक की पत्नी आज करवा चौथ के दिन सीकर पुलिस अधीक्षक के दफ्तर पहुंची और पति को इटली से वापस बुलाने की मांग की। महिला के अनुसार, गांव में ही रहने वाले एक परिवार ने उसके पति को फर्नीचर कंपनी में अच्छी नौकरी दिलाने के बहाने इटली बुलाया था। इसके लिए युवक से पैसे भी लिए गए थे। महिला का आरोप है कि उसका पति जब इटली पहुंचा तो उसे काम नहीं दिया गया। वहां पर उसे धर्म परिवर्तन और मांस खाने के लिए प्रताड़ित किया गया। युवक की पत्नी भावना कंवर आज एसपी ऑफिस पहुंची और पति को घर लाने के लिए गुहार लगाई। युवक की पत्नी भावना ने बताया कि उनके गांव का ओमसिंह नाम का व्यक्ति इटली में रहता था। ओमसिंह के पिता रूप सिंह और उसका बड़ा बेटा होशियार सिंह अक्सर घर आते-जाते थे और उन्होंने भावना कंवर को अपनी धर्म की बेटी बना लिया। भावना का आरोप है कि रूप सिंह और होशियार सिंह ने 2024 में उसके पति गोविंद सिंह को इटली की एक अच्छी कंपनी में फर्नीचर के काम पर लगवाने और वहां 2.5 लाख रुपए महीना सैलरी दिलवाने का झांसा दिया। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि शुरुआती खर्चे के पैसे धीरे-धीरे सैलरी से काट लिए जाएंगे और 3 महीने में स्थाई वीजा व कागजात तैयार करवा दिए जाएंगे। नौकरी दिलाने के लिए 6 लाख रुपए लिए पीड़िता ने बताया कि 2024 में गोविंद सिंह के पिता ने रूप सिंह को 4 लाख रुपए नकद और इसके बाद अगस्त 2025 में 2 लाख रुपए ओम सिंह की पत्नी ललिता कंवर को दिए। इस प्रकार कुल 6 लाख रुपए लेने के बाद आरोपियों ने दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी करके 3 जून 2026 को गोविंद सिंह को इटली बुलवा लिया। पीड़िता के अनुसार गोविंद सिंह जब इटली पहुंचा, तो उसे किसी अच्छी कंपनी या फर्नीचर के काम पर नहीं भेजा गया। इसके बजाय उसे अफ्रीकी मूल के मुस्लिम लोगों के पास ऐसी जगह छोड़ दिया गया जहां गायों को काटा और खाया जाता है। आरोप- गाय का मांस खाने के लिए प्रताड़ित किया महिला ने आरोप लगाया है कि वहां गोविंद सिंह को गाय का मांस खाने के लिए प्रताड़ित किया गया और उनका धर्म परिवर्तन करवाने का दबाव बनाया गया। वादा करने के बावजूद उसे कोई सैलरी नहीं दी गई, बल्कि ओम सिंह ने उसकी 3 महीने की सैलरी (2.5 लाख रुपए) भी अपने पास ही रख ली। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी जब पीड़ित परिवार को ठगी का अहसास हुआ, तो वे आरोपियों के घर पैसे वापस मांगने गए। आरोप है कि आरोपियों ने पैसे लौटाने से साफ इंकार कर दिया और उल्टा पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकियां देने लगे। पीड़िता भावना कंवर का कहना है कि इस पूरी घटना की लिखित शिकायत लोसल पुलिस थाने में दर्ज कराई थी, लेकिन स्थानीय पुलिस ने तो कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है और ना ही पीड़ित परिवार को कोई संतोषजनक जवाब दिया जा रहा है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से पति को इटली से वापस लाने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।