सीकर में मेडिकल स्टोर पर काम करने वाले समीर खान के बैंक अकाउंट में एक लाख करोड़ जमा हुए हैं। उसने बताया कि उसकी सैलरी मात्र 10 हजार रुपए है, इतनी बड़ा अमाउंट ट्रांसफर होने से वो हैरान है। बुधवार को कोटक महिंद्रा बैंक की एप से रिचार्ज करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पैसे ही ट्रांसफर नहीं हो रहे थे। स्टेटमेंट चेक किया तो बैंक बैलेंस जीरो दिखा। पता चला कि उसके अकाउंट में 1 लाख करोड़ ब्लॉक किए गए हैं। अब वो अपने 55 हजार रुपए भी नहीं निकाल पा रहा है। उसका बैंक बैलेंस जीरो शो हो रहा है। मामले को लेकर युवक ने साइबर पुलिस थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने बैंक में संपर्क करने को कहा। मोबाइल रिचार्ज करवाने लगा, तब पता चला सीकर शहर में सालासर बस स्टैंड पर स्थित निर्मल मेडिकल पॉइंट है। यहां देव गैस गोदाम के पास रहने वाला समीर खान (22) पिछले 10 महीने से काम कर रहा है। समीर ने बताया- उसका कोटक बैंक में अकाउंट है। बुधवार (28 अक्टूबर) सुबह तक उसके अकाउंट में 55 हजार रुपए थे। दोपहर में मोबाइल रिचार्ज करवाना था, इसलिए पेमेंट करने के लिए बैंक की एप को खोला। पिन डालने के बाद बैलेंस देखा तो जीरो मिला। एप पर नीचे अकाउंट से 1 लाख करोड़ ब्लॉक होना लिखा था। इसके बाद उसने दुकान मालिक धीरज शर्मा और बाकी स्टाफ को बताया। मालिक के साथ साइबर पुलिस थाने पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने बैंक में कॉन्टैक्ट करने को बोला। अब बैंक में बातचीत करने पर ही हकीकत पता चल सकेगी। मेडिकल स्टोर पर 10 हजार रुपए सैलरी मिलती धीरज शर्मा ने बताया कि समीर उनके यहां जनवरी महीने से काम कर रहा है। उसे हर महीने 10 हजार रुपए सैलरी देते हैं। आज जब उसने 1 लाख करोड़ लीन के बारे में बताया तो उनके खुद के होश उड़ गए, क्योंकि इतने अमाउंट का ब्लॉक होना आज तक नहीं सुना। साइबर पुलिस थाने के ASI दीनदयाल का कहना है कि यह बैंक का कोई टेक्निकल ग्लीच हो सकता है। सीकर में कोटक बैंक मैनेजर नितेश कुमार पारीक का कहना है कि इस संबंध में खाताधारक बैंक में आकर संपर्क कर सकता है।