सीकर में शुक्रवार सुबह तड़के मानसूनी हवाओं के साथ हल्की बारिश होने से न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिली। सीकर जिला मुख्यालय समेत लोसल और नीमकाथाना इलाके में भी बारिश हुई है। सुबह से ही हल्की हवाएं चल रही हैं, सीकर में अगले 24 घंटे में मानसून के दस्तक देने की संभावना है। सीकर में इस बार मानसून की एंट्री लेट हो रही है। इस वजह से पिछले 15 दिनों से तेज गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। आज सुबह से हल्की हवाओं के बावजूद उमस भी बनी हुई है। मौसम बदलने के साथ ही आज धूप में भी तेजी कम है। सुबह करीब साढ़े 3 बजे हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जो रूक-रूककर 4 बजे तक चलती रही। आज सुबह का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज बात करें, सीकर के तापमान की तो सीकर जिले में फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले गुरूवार को दिन का अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर के तापमान में अगले 24 घंटे में काफी उतार-चढ़ाव का अनुमान है। राजस्थान में मानसून की हो चुकी एंट्री जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राजस्थान में मानसून की एंट्री हो चुकी है। बंगाल की खाड़ी से उठा मानसून कोटा और अलवर के रास्ते राजस्थान में एंट्री कर चुका है। मानसून दक्षिणी-पूर्वी राजस्थान से प्रवेश के बाद उत्तरी-पश्चिमी राजस्थान की ओर बढ़ रहा है। अब पूरे राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मानसूनी बारिश होने की संभावना है।