सीकर जिले के रामगढ़ सेठान थाना इलाके में रविवार रात तिहावली गांव में प्रकाश सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी ओम सिंह सहित कई जनों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करेगी। आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद 36 घंटे से चल रहा धरना भी समाप्त हो चुका है। दरअसल घटना रविवार रात 11:30 बजे की थी। जब प्रकाश सिंह अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान वहां उसका चचेरा भाई ओम सिंह और उसके परिवार के लोग हाथों में कुल्हाड़ी और गंडासी लेकर आए। इसके बाद प्रकाश सिंह और उसके परिवार के लोगों पर हमला किया। घटना में प्रकाश सिंह की मौत हो गई। इसके अलावा प्रकाश का बेटा अभिजीत,मां नैन कंवर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना के बाद ओम सिंह और उसके परिवार के लोग घर के बाहर आकर धमकियां देते रहे। घटना के बाद परिजनों ने सोमवार सुबह से फतेहपुर में उप जिला अस्पताल के बाहर धरना शुरू कर दिया था। आज आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद धरना समाप्त हुआ। ओम सिंह प्रशासक भंवर कंवर का बेटा है। जिसने कई विकास कार्यों में भ्रष्टाचार किया और कई जगहों पर अतिक्रमण भी किया था। इनकी शिकायत प्रकाश सिंह के द्वारा की गई थी। मुख्यमंत्री कार्यालय में भी प्रकाश सिंह ने शिकायत की थी। दीपावली के दिन ओम सिंह ने प्रकाश सिंह के घर पर सांप भी छोड़ा था। इतना ही नहीं दिसंबर महीने में ओम सिंह के बेटे और अन्य साथियों ने प्रकाश के बेटे अभिजीत पर भी हमला किया था। मामले में सीकर एसपी प्रवीण नायक का कहना है कि फिलहाल मामले में मुख्य आरोपी ओम सिंह सहित अन्य को हिरासत में ले लिया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।