सीकर नगर परिषद में सभापति के पद पर खतीजा बानो जीत गई हैं। खतीजा बानो को 41 वोट मिले और भाजपा की सभापति पद की प्रत्याशी कंचन खड़ोलिया को 24 वोट मिले। इसके साथ ही कांग्रेस की खतीजा ने भाजपा की कंचन को 17 वोटों से हरा दिया। खतीजा बानो पूर्व सभापति जीवण खां की पत्नी हैं। सभापति पद की वोटिंग के बाद कांग्रेसी पार्षदों को उपसभापति के चुनाव के लिए दोबारा बाड़ाबंदी में भेज दिया है। कल 22 सितंबर को सभी पार्षद उपसभापति का वोट डालने आएंगे और इसके बाद सभी को घर भेजा जाएगा। रिटर्निंग अधिकारी सुभाष चंद्र ने सभापति खतीजा बानो को निर्वाचन प्रमाण पत्र दिया। इसके बाद खतीजा बानो ने विधायक राजेंद्र पारीक, कांग्रेसी पार्षदों और परिवार के साथ विक्ट्री साइन बनाकर ग्रुप फोटो खिंचवाया। कल होगा उपसभापति का चुनाव अब कल 22 सितंबर को उपसभापति पद का चुनाव होगा। जिसमें 10 बजे बैठक होगी और 11 बजे नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। 11:30 नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। और यदि आवश्यकता हुई तो दोपहर 2:30 बजे से 5 बजे तक मतदान होगा और उसके बाद परिणाम जारी हो जाएगा।