सीकर शहर में दिनभर धरना, विरोध-प्रदर्शन और ज्ञापन का दौर चला। प्राइवेट स्कूलों के प्रदेशस्तरीय आह्वान पर 28 जुलाई को प्रस्तावित सामूहिक हड़ताल अब स्थगित हो गई है। इसे लेकर प्राइवेट स्कूल डायरेक्टर्स का डेलीगेशन सोमवार को जिला कलेक्टर से मिला। वहीं, सीकर के ऑटो रिक्शा चालकों और टैक्सी ड्राइवर्स ने नए ऑटो स्टैंड बनाने, अवैध वसूली रोकने और सड़कों की मरम्मत करवाने की मांग की है। इसी तरह आंगनबाड़ी कर्मचारियों ने धरना दिया। उन्होंने कहा- अब वे दूसरे विभागों के काम नहीं करेंगी और ऑफलाइन सेनेटरी नेपकिन नहीं बांटेंगी। वहीं, रोडवेज कर्मचारियों ने बीकानेर में रोडवेज कंडक्टर के साथ हुई मारपीट का विरोध जताया है। निजी स्कूलों की हड़ताल स्थगित प्राइवेट स्कूल यूनियन के डॉ. बलवंत सिंह चिराना ने बताया- 14 सूत्रीय मांगों को लेकर प्राइवेट स्कूलों की ओर से 28 जुलाई को स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया था। वहीं सरकार ने सोमवार को पॉजिटिव रुख अपनाया। जिला कलेक्टर से मुलाकात के बाद 28 जुलाई की प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है। यदि 15 दिन में प्राइवेट स्कूल संचालकों की मांगे पूरी नहीं हुई तो प्रदेश की प्राइवेट स्कूलें बंद रखने का निर्णय लिया जा सकता है। यूनियन के जिलाध्यक्ष बीएल रणवां ने बताया- शिक्षा संबलन एप की जांच स्थगित करने और RTE का बकाया भुगतान करने संबंधी कुल 14 मांगों पर अब सरकार ने पॉजिटिव रुख दिखाया है। आंगनबाड़ी ने शुरू किया धरना आंगनबाड़ी-सहायिका सीटू यूनियन जिलाध्यक्ष विमला देवी ने बताया- विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट के बाहर सोमवार से धरना शुरू किया है। सभी आंगनबाड़ी कार्मिकों ने फैसला लिया कि दूसरे विभागों के काम नहीं करेंगे। ऑनलाइन-ऑफलाइन सेनेटरी नैपकिन (पेड्स) नहीं बांटेंगे। आंगनबाड़ी कार्मिकों ने मोबाइल और रिचार्ज की समस्या के समाधान की मांग की है। ऑटो-रिक्शा यूनियन ने मांगों को लेकर निकाली रैली ऑटो-रिक्शा यूनियन के जिलाध्यक्ष दिलीप मिश्रा ने बताया- रैली निकालकर जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन के जरिए नए ऑटो स्टैंड बनाने, ऑटो की फिटनेस को लेकर वसूली रोकने, ऑटो चालकों की फिटनेस RTO ऑफिस में चालू करवाने, पुराने ऑटो स्टैंड्स पर पानी और बैठने की व्यवस्था करने, SK स्कूल गेट और जनाना हॉस्पिटल गेट के पास ऑटो स्टैंड बनाने तथा ट्रैफिक मैनेजमेंट कमेटी के 2016 के अनुसार तय हुए स्टैंड से ही प्राइवेट सिटी बसें चलाने की मांग की है। प्राइवेट बस ऑपरेटर्स को गिरफ्तार करने की मांग राजस्थान रोडवेज वर्कर्स यूनियन सीटू के सीकर डिपो सेक्रेटरी अशोक मील ने बताया- बीकानेर के रायसिंह नगर में रोडवेज कंडक्टर से मारपीट का विरोध जताया गया। रोडवेज कार्मिकों ने आरोपी प्राइवेट बस ऑपरेटर्स को गिरफ्तार करने की मांग की। वहीं, सीटू के प्रदेश महासचिव श्योनाराम शेषमा ने कहा- रोडवेज के ड्राइवर-कंडक्टर से इसी तरह मारपीट की वारदातें होती रहेंगी तो ड्यूटी करना ही बंद कर देंगे। सीकर में भी रोजाना टकराव की स्थिति बन रही है। बजरंग कांटा तिराहे पर प्राइवेट बसों ने अवैध स्टैंड शुरू कर दिया है। सीटू से जुड़े कर्मचारियों ने कंडक्टर से मारपीट के आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने और सीकर में प्राइवेट बसों के अवैध स्टैंड पर लगाम लगाने की मांग की है।