सीकर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके 17 जुलाई को सीकर आएंगे। अभिजीत दीपके सीकर में पिपराली रोड पर विरोध मार्च में शामिल होंगे। आपको बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके दूसरी बार राजस्थान आ रहे हैं, इससे पहले वो जयपुर में एक प्रोटेस्ट में हिस्सा लेने आए थे। सीकर में अभिजीत दीपके पेपरलीक, बेरोजगार युवा और दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे धरने को लेकर अपनी बात रखेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रेस कांफ्रेंस कर विरोध मार्च के बारे में जानकारी दी। विरोध मार्च में कॉकरोच जनता पार्टी के साथ कम्युनिस्ट पार्टियों के कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। प्रेस कांफ्रेंस में SFI प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र ढाका ने बताया कि शेखावाटी के सीकर और झुंझुनूं जिलों को लोग शिक्षा के हब के रूप में जानते हैं, लिहाजा पेपरलीक जैसी घटनाओं से यहां के लोग सबसे ज्यादा दुखी हुए हैं। अभिजीत दीपके सीकर आकर स्टूडेंट्स से करेंगे संवाद आंदोलन के संयोजक मंडल ने बताया कि सीकर से पहले कॉकरोच जनता पार्टी ने दिल्ली, लखनऊ, पुणे, हैदराबाद, जयपुर सहित कई शहरों में भी विरोध-प्रदर्शन किए हैं। नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय ने अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी पूरी मेहनत और उम्मीद के साथ परीक्षा केंद्र तक पहुंचते हैं, लेकिन परीक्षा के बाद पेपर लीक की खबरें सामने आने से उनका मनोबल टूट जाता है। संयोजक मुकेश ने बताया कि नीट पेपर लीक प्रकरण से शिक्षा नगरी सीकर की इमेज भी प्रभावित हुई है। अभिजीत दीपके सीकर आकर स्टूडेंट्स से संवाद करेंगे और बदहाल शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन को मजबूत करेंगे। 17 जुलाई को अभिजीत दीपके पिपराली सर्किल से विरोध मार्च निकालेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा विरोध-प्रदर्शन में शामिल होकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग करेंगे। पार्टी ने 20 जुलाई को दिल्ली में संसद घेराव का भी ऐलान किया है।